
नई दिल्ली: भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन में प्रदर्शित रांची स्मार्ट सिटी मॉडल दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भारत मंडपम में लगे इस मॉडल के माध्यम से झारखंड सरकार की आधुनिक शहरी विकास, स्मार्ट तकनीक और बेहतर नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 656.3 एकड़ क्षेत्र में ग्रीनफील्ड टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसके इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर लगभग 469.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें आधुनिक सड़क नेटवर्क, 24 घंटे बिजली और जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज तथा भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
परियोजना के तहत लगभग 146.2 करोड़ रुपये की लागत से कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (C4) विकसित किया गया है। इसके माध्यम से सीसीटीवी सर्विलांस, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, ई-चालान और स्मार्ट सुरक्षा प्रणालियों का संचालन किया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी के कुल क्षेत्रफल का 37 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन एवं ओपन स्पेस के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, 72 भूखंडों की ई-नीलामी के जरिए आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत निवेश को बढ़ावा देने की योजना है। इसके अलावा 16 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और उपचारित जल के पुनः उपयोग की व्यवस्था भी परियोजना का हिस्सा है।

रांची को नॉलेज हब बनाने की तैयारी
झारखंड सरकार रांची को शिक्षा, कौशल विकास और ज्ञान आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य अगले 5 से 10 वर्षों में रांची को पूर्वी भारत के अग्रणी शैक्षणिक और कौशल विकास केंद्रों में स्थापित करना है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा करने के साथ शिक्षा एवं रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
IITF-2026 में प्रदर्शित रांची स्मार्ट सिटी मॉडल के जरिए झारखंड की आधुनिक शहरी विकास, निवेश, तकनीकी नवाचार और हरित विकास से जुड़ी योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जा रहा है।