
राँची: झारखंड की राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ चार नाबालिग दोस्तों पर एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला संज्ञान में आते ही राँची एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी नाबालिगों को निरुद्ध (Detain) कर लिया है।
नशा देकर वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता बरियातू इलाके की रहने वाली है। आरोप है कि पिछले महीने नामकुम के करकट्टा में एक नाबालिग दोस्त के घर पर पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान पीड़िता को नशा कराया गया और नशे की हालत में चारों नाबालिगों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
मामले को दबाने की हुई थी कोशिश
सूत्रों के हवाले से खबर है कि घटना के बाद मामले को रफा-दफा करने के लिए कई दिनों तक पंचायत और आपसी बातचीत का दौर चला। लेकिन जब बात नहीं बनी और मामला बिगड़ने लगा, तब पीड़िता के परिजन उसे लेकर थाने पहुँचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
नामकुम थानेदार राम नारायण सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर तत्काल केस दर्ज किया गया। पुलिस ने छापेमारी कर दो नाबालिगों को करकट्टा और दो को प्लांडू इलाके से निरुद्ध किया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जाँच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।