
झारखंड में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। Jharkhand State Livelihood Promotion Society (JSLPS) और IIM Calcutta Innovation Park (IIMCIP) कोलकाता के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (MOU) किया गया है। इस समझौते का उद्देश्य राज्य की ग्रामीण महिलाओं को उद्यम प्रबंधन और व्यवसायिक कौशल में दक्ष बनाना है।
यह MOU तीन वर्षों की अवधि के लिए लागू रहेगा, जिसके तहत झारखंड के सभी 24 जिलों और 264 प्रखंडों में सखी मंडलों से जुड़ी महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। IIMCIP कोलकाता इस योजना में इनक्यूबेटर की भूमिका निभाएगा और महिलाओं को बाजार की मांग के अनुसार अपने उद्यम को विकसित करने के लिए प्रशिक्षित करेगा।

योजना के पहले चरण में करीब 50 हजार ग्रामीण महिला उद्यमियों की पहचान की जाएगी। इनमें से 500 उत्कृष्ट महिलाओं का चयन कर उन्हें उन्नत व्यापार प्रबंधन और उद्यम संचालन की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही 150 महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन तकनीक के माध्यम से सालाना एक करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल करने योग्य बनाया जाएगा।
इस पहल के तहत JSLPS के अधिकारियों और CRP-EP (कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन – एंटरप्राइज प्रमोशन) को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे इनक्यूबेशन इकोसिस्टम को मजबूत बना सकें।

महिला उद्यमियों को आर्थिक सहायता देने के लिए इक्विटी फंड, चैलेंज फंड और सॉफ्ट लोन के तहत कुल 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। खास बात यह है कि यह पूरी सेवा महिलाओं को निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
योजना समाप्त होने के बाद भी महिलाओं को निरंतर सहायता मिलती रहे, इसके लिए IIMCIP द्वारा राज्य के प्रत्येक प्रमंडल में स्थानीय इनक्यूबेटर विकसित किए जाएंगे।
इस MOU पर JSLPS के COO विष्णु परिदा और IIMCIP के CEO डॉ. विवेक कुमार रॉय ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर डॉ. गौरव कपूर, नितिश कुमार सिन्हा, तुमुल तरण, धीरज पांडेय और निशांत देव सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।