
रामगढ़, 20 अप्रैल 2026 — 10 वर्षों से लंबित JTET परीक्षा नियमावली को कैबिनेट बैठक में भाषा विवाद के कारण स्वीकृति नहीं मिलने के विरोध में आज झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ की रामगढ़ जिला इकाई के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सह छात्र नेता चंदन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शनकारियों ने रामगढ़ कॉलेज गेट से सुभाष चौक तक विशाल पैदल मार्च निकाला। इस दौरान अभ्यर्थियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर JTET परीक्षा जल्द आयोजित करने की मांग की और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने कहा कि लगातार 10 वर्षों से परीक्षा लंबित रहने के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। सुभाष चौक पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
वक्ताओं ने सरकार पर उदासीनता और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भाषा विवाद के कारण बार-बार परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो रही है, जो राज्य के युवाओं के साथ अन्याय है।
प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आने वाले दिनों में राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में बिमल कुमार, परमिला कुमारी, राधे मेहता, सुबोध कुमार, शशि कुमार, स्वीटी कुमारी, कोमल, पूजा, मधुमिता, दिलीप मेहता सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल हुए।