
रांची | झारखंड की प्रतिभाओं को सम्मानित करने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से “झारखंड श्री अवार्ड्स 2026” का भव्य आयोजन रांची के ऑड्रे हाउस में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जे.एम.जी. (जिम्मी मॉडल्स ग्रुप) और रांची लाइफस्टाइल मैगज़ीन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक स्वागत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संजय सेठ उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में महुआ माजी, झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ साहदेव, विधायक सी.पी. सिंह और डिप्टी मेयर नीरज कुमार शामिल रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विपुल नायक की टीम द्वारा प्रस्तुत “वंदे मातरम्” ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
इस समारोह में समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, कला, पत्रकारिता और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कुल 25 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में डॉ. आस्था किरण, राहुल मजूमदार, अरुणा मिश्रा, डॉ. आरती कुमारी, डॉ. डेज़ी सिन्हा, डॉ. जमशेद आलम, डॉ. मेघा रानी, डॉ. सुपहल एक्का, डॉ. श्वेता सुष्मिता और डॉ. मृणालिनी अखौरी सहित कई अन्य नाम शामिल रहे।
इसके अलावा खेल, सामाजिक सेवा, मीडिया और उद्यमिता क्षेत्र में भी कई हस्तियों को सम्मान प्रदान किया गया, जिनमें जगदीश सिंह ‘जग्गू’, मुकेश कंचन, महिमा उरांव, ऋषभ आनंद, अरविंद कुमार गुप्ता, शक्ति सिंह और शंकर कुमार प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खादी और ग्रामोद्योग थीम पर आधारित फैशन शो रहा, जिसमें पारंपरिक परिधानों के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया गया।

पूरे आयोजन में झारखंडी संस्कृति की झलक देखने को मिली। नगाड़ा और ढोल की धुनों के बीच पुरस्कार वितरण ने कार्यक्रम को पारंपरिक रंग दिया। साथ ही धुस्का, पीठा और छिलका रोटी जैसे स्थानीय व्यंजनों ने मेहमानों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं के सम्मान का मंच बना, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने और युवाओं को प्रेरित करने की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।
