रांची में शुरू हुआ भव्य सांसद सांस्कृतिक महोत्सव, उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस परिसर में ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला’ शुक्रवार, 1 मई से भव्य रूप में शुरू हो गया। तीन दिवसीय इस आयोजन ने पहले ही दिन से शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया है। यहां एक ही मंच पर संस्कृति, परंपरा और स्वदेशी उत्पादों का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।


रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और पारंपरिक कलाकारों के लिए एक मजबूत मंच साबित होगा।


महोत्सव में लगाए गए 150 नि:शुल्क स्टॉल इसकी सबसे बड़ी खासियत हैं, जहां स्थानीय उत्पादों को सीधा बाजार मिल रहा है। वहीं ‘श्री अन्न’ यानी मोटे अनाज से बने व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए विशेष फूड ज़ोन भी तैयार किया गया है, जो स्वास्थ्य और परंपरा दोनों का संदेश दे रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 50 से अधिक स्कूल और कॉलेजों की भागीदारी के साथ 7 प्रमुख विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें जनजातीय नृत्य से लेकर क्लासिकल और वेस्टर्न म्यूजिक तक शामिल हैं। दिन में प्रतियोगिताएं और शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक देशभर से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया। वहीं 3 मई को होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा अर्जुन राम मेघवाल और अनुराग ठाकुर की मौजूदगी भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी।


इस महोत्सव में पद्मश्री मुकुंद नायक, मधु मंसूरी और महावीर नायक जैसे दिग्गज कलाकारों की भागीदारी इसे और खास बना रही है।


रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव का हिस्सा बनें और स्थानीय कला, संस्कृति तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें।

Leave a Reply