
रांची के ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस परिसर में शुक्रवार, 1 मई 2026 से तीन दिवसीय “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला-2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में संतोष कुमार गंगवार एवं हेमन्त सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वदेशी उत्पादों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की विविधता ही उसकी ताकत है और स्वदेशी वस्तुएं इस पहचान को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाने की प्रेरणा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि यह मेला स्थानीय शिल्पकारों को मंच देने के साथ-साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।

उन्होंने आगे कहा कि झारखंड केवल खनिज संपदा ही नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता से भी समृद्ध राज्य है। राज्य के युवा सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा कारीगरों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। मेले में हस्तनिर्मित वस्त्र, आभूषण, सजावटी सामग्री, मिट्टी और बांस से बने उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

इस आयोजन में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, विधायक नवीन जायसवाल, रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, कलाकार और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

















