
नई दिल्ली: झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने शनिवार को न्यू झारखंड भवन का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भवन की समग्र व्यवस्था, मेंटेनेंस, हाउसकीपिंग, रसोई संचालन, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि न्यू झारखंड भवन को बेहतर प्रशासनिक समन्वय और जनसुविधाओं के एक मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मॉड्यूल और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए।

रेजिडेंट कमिश्नर ने कर्मचारियों का सुव्यवस्थित डेटा संधारित करने, ऑनलाइन फीडबैक प्रणाली शुरू करने और मैनुअल रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने पर भी विशेष बल दिया। इसके साथ ही शौचालय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और कूड़ा-कचरा प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सुनीं तथा उनके त्वरित और व्यवहारिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा, न्यू झारखंड भवन परिसर में उद्योग विभाग और JTDC कार्यालय शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इसका उद्देश्य दिल्ली स्थित झारखंड भवन को प्रशासनिक, औद्योगिक, पर्यटन और जनसंपर्क गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनाना है।

निरीक्षण के दौरान रसोई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि अतिथियों को समय पर और बिना किसी विलंब के भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।