
रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची के 34 एनसीसी कैडेटों ने तीसरी झारखंड एनसीसी बटालियन द्वारा सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में आयोजित 10 दिवसीय कम्बाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC) में सफलतापूर्वक भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
तीसरी झारखंड एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना था। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने ड्रिल प्रशिक्षण, शारीरिक व्यायाम, निशानेबाजी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं और व्यक्तित्व विकास गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर के अंतिम दिन कैडेटों ने पीटी, दौड़, पुश-अप्स, सिट-अप्स और अन्य फिटनेस ड्रिल्स में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सरला बिरला पब्लिक स्कूल की ओर से कैडेट अश्मिता साह और कैडेट सुनम कुमारी ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। दोनों ने कार्यक्रम के मंच संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं कैडेट वात्सल कपूर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में एंकरिंग करते हुए अपने आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और वाक्पटुता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित भी किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने सभी प्रतिभागी कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी शिविर विद्यार्थियों को अनुभवात्मक शिक्षा का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को भविष्य का जिम्मेदार और जागरूक नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
