JSSC ने 12वीं पास युवाओं के लिए निकाली 326 पदों पर भर्ती, 20 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन, आयु सीमा में 10 साल की छूट

Spread the love

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JISCCE)-2026 के तहत 326 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।


इस भर्ती अभियान के तहत हेल्थ सुपरवाइजर (137 पद), बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (62 पद), भित्तिचित्र सहायक (41 पद), कीट संग्रहकर्ता (32 पद), कनिष्ठ क्षेत्रीय अन्वेषक (27 पद) तथा वेटरनरी सहायक (27 पद) सहित कुल 326 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।


आयोग ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 37 वर्ष, महिलाओं के लिए 38 वर्ष तथा एसटी-एससी वर्ग के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है।

भर्ती प्रक्रिया प्रारंभिक परीक्षा (PT) और मुख्य परीक्षा के माध्यम से होगी। हालांकि, यदि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 50 हजार से कम रहती है, तो प्रारंभिक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी और अभ्यर्थियों को सीधे मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।


प्रारंभिक परीक्षा में 120 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। इसमें सामान्य अध्ययन, झारखंड सामान्य ज्ञान, गणित, सामान्य विज्ञान और मानसिक क्षमता से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। यह परीक्षा केवल स्क्रीनिंग टेस्ट होगी।


इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही समय पर ऑनलाइन आवेदन करें।

Leave a Reply