
रांची: झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में नियुक्त होने वाले 1,042 सहायक आचार्यों (प्राथमिक शिक्षकों) को 29 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह दोपहर 1 बजे खेलगांव, रांची में आयोजित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 1 से 5 के लिए 274 तथा कक्षा 6 से 8 के लिए 768 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। कक्षा 6 से 8 में भाषा, गणित एवं विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान विषयों के प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
विषयवार नियुक्तियों में भाषा के 150, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा सामाजिक विज्ञान के 387 शिक्षकों को नियुक्ति मिलेगी।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, पलामू में सबसे अधिक 123 शिक्षकों की नियुक्ति होगी, जबकि रामगढ़ में सबसे कम 4 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
इस नियुक्ति प्रक्रिया से राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
