रांची जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, दो घंटे तक AC बंद रहने से 170 यात्री बेहाल

Spread the love

रांची: दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-2614) में शुक्रवार को उड़ान से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई। विमान में मौजूद करीब 170 यात्रियों को लगभग दो घंटे तक भीषण गर्मी में बैठना पड़ा, क्योंकि विमान का एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम बंद हो गया था।


जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी आने के बावजूद यात्रियों को काफी देर तक विमान के अंदर ही रखा गया। AC बंद रहने के कारण केबिन में गर्मी और उमस लगातार बढ़ती गई, जिससे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हुए। कई यात्री सीटों पर रखी पत्रिकाओं और कपड़ों से खुद को हवा करते नजर आए।

काफी देर तक समस्या का समाधान नहीं होने और विमान का दरवाजा बंद रहने से यात्रियों का गुस्सा बढ़ गया। विरोध और हंगामे के बाद एयरलाइन कर्मचारियों ने विमान का दरवाजा खोला और सभी यात्रियों को वापस टर्मिनल भेज दिया।
तकनीकी खराबी दूर होने के बाद विमान ने देर शाम उड़ान भरी और निर्धारित समय शाम 4:35 बजे की बजाय रात 8:05 बजे रांची पहुंचा।


वहीं, इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट (6E-7325) भी शुक्रवार को रद्द कर दी गई। हालांकि एयरलाइन की ओर से फ्लाइट रद्द होने के कारणों पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।

Leave a Reply