
हजारीबाग। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की हजारीबाग जिला समिति द्वारा आयोजित बूथ सम्मेलन सह BLA प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारियों, बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं और BLA-2 एजेंटों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद पांडे ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यरत कार्यकर्ताओं और BLA-2 एजेंटों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा लगातार संगठनात्मक रूप से मजबूत हो रहा है और पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण है।

विनोद पांडे ने राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि झामुमो का प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता विकसित झारखंड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने हजारीबाग जिला समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
