रांची, 2 जुलाई: झारखंड सरकार राज्य के विज़न 2050 को नई गति देने के लिए 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य झारखंड में औद्योगिक निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान Jharkhand AI Policy, Investment Promotion Policy, Tourism Policy, Textile Policy, JIADA Regulations और PPP Policy सहित कई महत्वपूर्ण नीतियों के ड्राफ्ट जारी किए जाएंगे, जिन पर हितधारकों से सुझाव लिए जाएंगे।

पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और AI के भविष्य पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। साथ ही सरकार और उद्योग जगत के बीच B2G बैठकें होंगी तथा कई कंपनियों के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
दूसरे दिन निवेश, औद्योगिक विकास और पर्यटन को लेकर चर्चा होगी। इस दौरान बड़े औद्योगिक घरानों के साथ महत्वपूर्ण समझौते (MoU) किए जाएंगे और राज्य सरकार नए डिजिटल पोर्टल्स का भी शुभारंभ करेगी।
कार्यक्रम का समापन झारखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकनृत्य और लोकसंगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ होगा, जिसमें देश-विदेश से आए अतिथि राज्य की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे।
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आईटी विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
