
रांची: अनगड़ा प्रखंड स्थित एसएस +2 हाई स्कूल, चिलदाग में शनिवार (4 जुलाई) को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

बैठक में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में विद्यालय और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

बैठक के दौरान प्रथम त्रैमासिक शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की गई। शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी के प्रदर्शन की जानकारी अभिभावकों को दी और पढ़ाई में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। कमजोर विद्यार्थियों के लिए रिमेडियल क्लास और डिस्कशन क्लास चलाने की योजना भी साझा की गई।

अभिभावकों को बच्चों की नियमित पढ़ाई, गृहकार्य, समय प्रबंधन और परीक्षा की तैयारी में सहयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही खेल-कूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की स्वच्छता, यूनिफॉर्म, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) पर भी जागरूकता दी गई। इसके अलावा स्कूल स्कोर कार्ड, विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

बैठक में नशामुक्ति अभियान, POCSO अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, लैंगिक समानता और बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। विद्यालय प्रशासन ने सुझाव पेटी एवं खोया-पाया बॉक्स के उपयोग की जानकारी देते हुए अभिभावकों से विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग की अपील की।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि ऐसे कार्यक्रमों से अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक और नैतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
