14.5 किमी पैदल चलकर अमरनाथ पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, बाबा बर्फानी से देश की सुख-समृद्धि की कामना

Spread the love

श्रीनगर/रांची: भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा में शामिल होकर बालटाल बेस कैंप से लगभग 14.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की और बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में पहुंचकर विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।


यात्रा के दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच भारतीय सेना, सुरक्षा बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।


संजय सेठ ने कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बल जिस समर्पण, अनुशासन और सेवा-भाव से अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, वह राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा कर भारतीय संस्कृति की सेवा-परंपरा को मजबूत बना रहे हैं।


उन्होंने अमरनाथ यात्रा के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे लाखों श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन कर रहे हैं।


रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि बाबा अमरनाथ की यह पावन यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति रही। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा बर्फानी का आशीर्वाद देश के सभी नागरिकों पर बना रहे और भारत निरंतर शांति, समृद्धि, विकास और वैभव के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply