
राँची: राजधानी राँची में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने प्रमुख शराब दुकानों के बाहर औचक छापेमारी कर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे कई लोगों को हिरासत में लिया। सभी को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि सड़क और सार्वजनिक स्थलों को मयखाना बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस के अनुसार लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों के बाहर लोग वाहन खड़े कर शराब का सेवन करते हैं। इससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया।
सिर्फ सड़क पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि शहर के नाइटलाइफ हब पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। शनिवार देर रात पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने राँची के आठ प्रमुख पब और बार में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान लाइसेंस, संचालन समय, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य निर्धारित नियमों के पालन की जांच की गई।
राँची पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
