
रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह-सुबह घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को Enumeration Form वितरित कर रहे हैं तथा भरे हुए फॉर्म का संग्रह भी कर रहे हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में BLO को सुबह के समय अधिक से अधिक घरों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिकाधिक मतदाताओं तक आसानी से पहुंच बनाई जा सके। प्रशासन का मानना है कि सुबह के समय अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद रहते हैं, जिससे फॉर्म वितरण और संग्रहण का कार्य अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।

इसके साथ ही दोपहर बाद BLO द्वारा एकत्र किए गए Enumeration Form का डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है। इससे फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समानांतर रूप से संचालित हो रही है और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने में मदद मिलेगी।

रांची जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे BLO का सहयोग करें, Enumeration Form सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

जन शिकायत या सहायता के लिए रांची जिला प्रशासन ने अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी जारी किया है।




