
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की बदहाल आधारभूत संरचना, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई।

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रशिक्षण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, आधुनिक उपकरणों और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शूटिंग रेंज के समग्र आधुनिकीकरण और सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीण और दूरदराज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने फायर सेफ्टी व्यवस्था, मॉक ड्रिल और सीसीटीवी निगरानी को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
