
झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से सोमवार को झारखंड मंत्रालय, रांची में भारतीय विदेश सेवा (IFS) के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान भारतीय विदेश सेवा (2010 बैच) के अधिकारी श्री मोहम्मद शाहिद आलम और श्री सुशील प्रसाद ने मुख्यमंत्री से राज्य के विकास, निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में झारखंड सरकार की प्रमुख विकासात्मक योजनाओं, राज्य में निवेश और आर्थिक विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने झारखंड के विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों की आवश्यकता पर जोर दिया। चर्चा के दौरान प्रवासन एवं गतिशीलता (Migration and Mobility) पार्टनरशिप, वन्यजीव पर्यटन, कौशल विकास, शिक्षा क्षेत्र में सहयोग तथा भारतीय प्रवासी समुदाय की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों के बीच झारखंड की शासन व्यवस्था तथा राज्य की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि श्री मोहम्मद शाहिद आलम वर्तमान में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में तथा श्री सुशील प्रसाद नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थापित हैं। दोनों अधिकारी मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम (Mid-Career Training Programme) के तहत झारखंड प्रवास पर हैं।
