
रांची, 13 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में उच्च शिक्षा को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाए, ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी छात्र-छात्रा उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग को अगले 15 दिनों के भीतर कार्यरत करने तथा कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी को भी जल्द सक्रिय करने का निर्देश दिया।

बैठक में BIT सिंदरी को यूनिटरी यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। साथ ही राज्य के नौ जिलों में तकनीकी शिक्षा क्लस्टर विकसित करने, सभी विश्वविद्यालयों में PPP मोड पर CBT सेंटर स्थापित करने और लाइव ऑनलाइन क्लास की शुरुआत करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को “माइनिंग से माइंड” की ओर ले जाने में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक व्हीकल, सेमीकंडक्टर, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल डिजाइन जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना, सीएम फेलोशिप, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, रिसर्च ग्रांट सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा राज्य में पहली बार आयोजित झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल की भी सराहना की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उच्च शिक्षा से जुड़ी सभी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।