
रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री एवं विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत मन्नान मल्लिक के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर है।


