मोराबादी वेंडिंग जोन-2 के 80 दुकानदारों को रांची नगर निगम का नोटिस, 48 घंटे में मांगा जवाब

Spread the love

रांची: रांची नगर निगम ने मोराबादी वेंडिंग जोन-2 में नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई 13 जुलाई को किए गए निरीक्षण और जांच के आधार पर की गई।


नगर निगम की जांच में सामने आया कि कई आवंटित दुकानदारों ने अपनी दुकानें किराये पर दे दी हैं। वहीं कई लाभुकों ने दुकान आवंटित होने के बावजूद अब तक व्यवसाय शुरू नहीं किया है। जांच में कुछ वेंडरों द्वारा निगम के निर्धारित नियमों का उल्लंघन, कुछ दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री तथा कुछ लाभुकों द्वारा दुकान मिलने के बावजूद सड़क किनारे अवैध रूप से व्यवसाय संचालित करने की पुष्टि भी हुई है।


इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने संबंधित सभी 80 वेंडरों को 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र (एफिडेविट) के साथ अपना स्पष्टीकरण जमा करने का निर्देश दिया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित वेंडरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें दुकान का आवंटन रद्द करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

रांची नगर निगम ने सभी वेंडरों से अपील की है कि वे आवंटन की शर्तों और निगम के नियमों का पालन करें तथा वेंडिंग जोन में स्वच्छता, अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply