रांची पुलिस का बड़ा कारनामा: 12 घंटे में 5 साल की अपहृत बच्ची सकुशल बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 वर्षीय अपहृत बच्ची को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली टीओपी अंतर्गत सपारोम से 16 जुलाई 2026 को 5 वर्षीय बच्ची के अपहरण की सूचना मिली थी। इस संबंध में नगड़ी थाना कांड संख्या-120/26, धारा 137(2)/140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से रांची पुलिस ने बिहार के गया जिले में लगातार छापेमारी की और सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर गया जंक्शन के पास स्थित एक होटल से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।


पुलिस ने इस मामले में रमेश कुमार मिश्रा, सचिन कुमार और मोनू कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी पीड़िता के घर के पास किराए के मकान में रहता था। उसने पैसों के लालच में बच्ची का अपहरण कर उसे गया ले जाकर परिजनों से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती नहीं देने पर बच्ची की हत्या करने की धमकी भी दी गई।


जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से परिजनों से संपर्क कर ऑनलाइन माध्यम से 5-5 हजार रुपये भी प्राप्त किए थे। फिलहाल बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और अपनी मां के पास पहुंच चुकी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply