
कोडरमा: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना कोडरमा जिले की महिलाओं के जीवन में बदलाव की नई कहानी लिख रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए सिर्फ वित्तीय सहयोग नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का मजबूत आधार साबित हो रही है।

जिले की कई महिलाओं ने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वरोजगार शुरू करने और छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया है। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।

चंदवारा की रीना देवी ने योजना की राशि बचाकर कपड़ों की दुकान शुरू की, जबकि गायत्री देवी ने किराना दुकान खोलकर परिवार की आय का नया स्रोत बनाया। वहीं जयनगर की पूजा देवी राशन दुकान का सफल संचालन कर रही हैं और सीमा देवी ने अपनी पूजा सामग्री एवं सब्जी की दुकान का विस्तार कर आय बढ़ाई है।

मरकच्चो की नंदनी कुमारी ने योजना की सहायता से साबुन निर्माण का कार्य शुरू किया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। वहीं टुनी कुमारी ने राशन दुकान खोलकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया है।

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान भी प्रदान कर रही है। यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
