72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में संथाली फिल्म ‘आंगेन’ का जलवा, विधायक संजीव सरदार ने निर्देशक रवि राज मुर्मू को दी बधाई

Spread the love

जमशेदपुर/पोटका: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में संथाली फिल्म “आंगेन (Angen)” को बड़ी उपलब्धि मिली है। फिल्म के युवा निर्देशक रवि राज मुर्मू, जो पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा (पोटका विधानसभा क्षेत्र) के निवासी हैं, को ‘सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक (Best Debut Film of a Director)’ के राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पोटका के विधायक संजीव सरदार ने रवि राज मुर्मू को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक प्रतिभाशाली निर्देशक का नहीं, बल्कि संथाली भाषा, आदिवासी संस्कृति, झारखंड की लोक परंपराओं और अस्मिता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।

विधायक ने कहा कि फिल्म “आंगेन” ने अपनी सशक्त कहानी और संवेदनशील प्रस्तुति के माध्यम से संथाली समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पूरे देश के सामने गर्व के साथ प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती प्रतिभाओं की जननी रही है और आज राज्य के युवा अपनी मातृभाषा एवं संस्कृति को सृजनात्मक अभिव्यक्ति देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचा रहे हैं।

संजीव सरदार ने विश्वास जताया कि रवि राज मुर्मू की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहकर उत्कृष्ट सिनेमा बनाने की प्रेरणा देगी। उन्होंने मरांग बुरू से प्रार्थना करते हुए रवि राज मुर्मू के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि वे आगे भी अपनी सृजनशीलता से झारखंड, संथाली भाषा और देश का नाम रोशन करते रहें।

Leave a Reply