भारी हंगामे के बावजूद भी हॉकी झारखंड के फिर से अध्यक्ष चुने गए भोलानाथ सिंह देखिए कौन है कमेटी में पूरी सूची।

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के मोराबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रविवार को हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने की। इस दौरान वर्ष 2026-2030 के लिए नई 11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति की घोषणा की गई। सभी पदों पर एक-एक उम्मीदवार होने के कारण सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।


भारतीय खेल नीति 2025 के तहत अंतरराष्ट्रीय खेल संघ में पदाधिकारी होने के कारण भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार हॉकी झारखंड के अध्यक्ष चुने गए। वहीं मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी) महासचिव और असरिता लकड़ा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।


नई कार्यकारिणी समिति (2026-2030)
अध्यक्ष: भोलानाथ सिंह
उपाध्यक्ष: अरविंद सिंह, अशोक भगत, चंद्रयाणी मजूमदार
महासचिव: मनोज कुमार प्रसाद
संयुक्त सचिव: सुरजीत कुमार झा, दुलारी टोपनो
कोषाध्यक्ष: असरिता लकड़ा
कार्यकारिणी सदस्य: जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता, पल्लवी कच्छप


इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में जयंत केरकेट्टा (पुरुष) और बिगन सोय (महिला) का चयन किया गया। एथलीट समिति में तारिणी कुमारी और नरबोट कुजूर शामिल किए गए।


20 जिलों को मिला खेल किट


आमसभा के दौरान हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड के 20 जिलों को प्रति जिला 65 हजार रुपये मूल्य के हॉकी किट वितरित किए गए। इन किटों में हॉकी स्टिक और हॉकी बॉल शामिल हैं। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए की गई है।


आठ प्रमुख एजेंडों पर लगी मुहर


बैठक में वार्षिक लेखा-जोखा, प्रगति प्रतिवेदन, लेखा-परीक्षित आय-व्यय, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लेखा परीक्षक की नियुक्ति, राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन सहित आठ प्रमुख एजेंडों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।

भोलानाथ सिंह ने जताया आभार


नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने कहा कि लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने पर वे सभी जिला इकाइयों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की हॉकी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।


वहीं निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में झारखंड के 35 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में राज्य के 15 खिलाड़ी टीम इंडिया में हैं, जबकि 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय कैंप का हिस्सा हैं। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply