JSLPS डेटा एंट्री ऑपरेटरों की मांगों पर CEO अनन्य मित्तल से वार्ता, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन ।

Spread the love

रांची:झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नेतृत्व में सोमवार को झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) अनन्य मित्तल (IAS) से मुलाकात कर लंबित मांगों को लेकर शिष्टमंडल वार्ता की। बैठक की शुरुआत महासंघ की ओर से मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई।

संघ के अध्यक्ष करण कुमार गुप्ता और महासचिव पंकज कुमार ने मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को मांगपत्र सौंपते हुए डेटा एंट्री ऑपरेटरों को राज्य सरकार के अन्य विभागों के समान ₹40,900 प्रतिमाह मानदेय, मानव संसाधन नियमावली के लेवल-7 में शामिल करने, निवास स्थान से 15 किलोमीटर के दायरे में पदस्थापन, स्थायी समायोजन तथा राज्यकर्मियों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन मांगों पर पूर्व के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा लिखित सहमति दी जा चुकी है, लेकिन अब तक उनका अनुपालन नहीं किया गया है। महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह ने भी JSLPS के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार (IAS) से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

महासंघ ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर उनके वरीय आप्त सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव द्वारा भी संबंधित विभाग को इन मांगों पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।

बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संघ की सभी मांगों पर नियमानुसार विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिष्टमंडल में अध्यक्ष करण कुमार गुप्ता, महासचिव पंकज कुमार, आलोक कुमार, कमला कुमारी, पवन कुमार, रिजवान आलम, रोहित कुमार, लौरेंस तिर्की, इरशाद अंसारी, मुकेश कुमार, पूजा कुमारी, रीना कुमारी और सुमन कुमारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह, अध्यक्ष मुक्तेश्वर लाल, मुख्य संरक्षक गणेश प्रसाद सिंह, सनातन कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि डेटा एंट्री ऑपरेटरों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply