खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने पैतृक खेत में किया श्रमदान, धान रोपनी की तैयारी में खुद पहुंचाई बिचड़ी ।

Spread the love

रांची/खिजरी: खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कच्छप ने मंगलवार को अपने पैतृक खेत में धान रोपनी की तैयारी के तहत कृषि कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने स्वयं धान की बिचड़ी (पौध) खेत तक पहुंचाई और खेत में श्रम कर किसानों के प्रति सम्मान एवं अपनी जड़ों से जुड़े होने का संदेश दिया।


इस दौरान विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि खेती-किसानी उनकी पहचान और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अवसर मिलने पर वे अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ खेतों में काम करना पसंद करते हैं।

राजेश कच्छप ने कहा, “किसान का श्रम ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। खेत और किसान से हमारा रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि जीवन और संस्कृति का रिश्ता है। अपने खेत में काम करना मेरे लिए गर्व और आत्मीयता का विषय है।”


उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ पारंपरिक खेती की विरासत को भी संरक्षित रखने की अपील की। साथ ही सभी किसानों के लिए अच्छी बारिश, बेहतर फसल और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कृषि कार्य में भाग लिया और सामूहिक श्रम की परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply