रांची में देर रात तांडव: हिंदपीढ़ी के निजाम नगर में आधा दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़े, इलाके में दहशत

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात बदमाशों ने मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वाहन मालिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक-एक कर कई वाहनों को निशाना बनाया। जिन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई उनमें हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत अन्य वाहन शामिल हैं। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियों के टूटे हुए शीशे देखे तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply