दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज, नेमरा में श्रद्धांजलि सभा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे प्रतिमा का अनावरण

Spread the love

रामगढ़: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित परिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत शिबू सोरेन के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि सभा से होगी। यहां उनकी पत्नी रूपी सोरेन, पुत्र हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित परिवार के सभी सदस्य पारंपरिक सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोना सोबरन प्लस टू उच्च विद्यालय, लुकैयाटांड़ परिसर में स्थापित शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद लुकैयाटांड़ मैदान में मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए लगभग 400 फीट लंबा पंडाल, विशाल मंच, पार्किंग, भोजन स्टॉल और हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए हेलीपैड तैयार किया गया है।


कार्यक्रम को लेकर पूरे नेमरा गांव को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सड़कों के किनारे शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पोस्टर लगाए गए हैं। तालाबों की साफ-सफाई, दीवारों पर सोहराय पेंटिंग, भवनों का रंग-रोगन और सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्य पूरे किए गए हैं।

झामुमो नेताओं और जिला प्रशासन की देखरेख में पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। श्रद्धांजलि सभा में झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आगंतुकों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Leave a Reply