
रांची: झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को समर्पित दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ 9 अगस्त से रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। महोत्सव को लेकर आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महोत्सव के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग श्रीमती वंदना दादेल ने शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य मंच, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉल, पार्किंग क्षेत्र समेत आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

श्रीमती वंदना दादेल ने कहा कि आदिवासी महोत्सव झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी, संयुक्त निदेशक आनंद, निदेशक टीआरआई आलोक एस. कच्छप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और एजेंसी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मोरहाबादी मैदान अब झारखंड की आदिवासी संस्कृति, कला, परंपरा और विरासत के भव्य उत्सव के लिए तैयार है।
