
रांची, 9 अगस्त 2026: झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। रांची स्थित पारस एचईसी हॉस्पिटल में झारखंड का पहला रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी प्रोग्राम शुरू किया गया है। इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया।
इस मौके पर राज्यपाल ने रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत को झारखंड में आधुनिक और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से मरीजों को अधिक सटीक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी चिकित्सा विज्ञान में तकनीकी प्रगति का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस तकनीक से जटिल सर्जरी के दौरान चिकित्सकों को अधिक सटीकता के साथ काम करने में सहायता मिलती है। इसके साथ ही मरीजों को कम चीरा, कम दर्द और अपेक्षाकृत तेजी से रिकवरी जैसे लाभ मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि झारखंड में ऐसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित हों, जिससे राज्य के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। साथ ही झारखंड को ऐसा प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाए जहां देश के अन्य राज्यों से भी लोग उन्नत और गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए आएं।
किन-किन सर्जरी में होगी रोबोटिक तकनीक की सुविधा?
पारस हेल्थ के मैनेजिंग डायरेक्टर धर्मेंद्र नागर ने बताया कि यह झारखंड का पहला रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी प्रोग्राम है। अत्याधुनिक रोबोटिक सिस्टम के माध्यम से जनरल सर्जरी, गायनेकोलॉजी, यूरोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स समेत कई विभागों में रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि रोबोटिक तकनीक कम चीरे के साथ अधिक सटीक ऑपरेशन में मदद करती है। इससे मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, संक्रमण के कम जोखिम और तेजी से रिकवरी जैसे संभावित लाभ मिल सकते हैं।
धर्मेंद्र नागर ने कहा कि अब तक झारखंड के कई मरीजों को रोबोटिक सर्जरी के लिए दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। रांची में यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को अपने ही राज्य में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय और यात्रा से जुड़े खर्च में भी बचत हो सकती है।
वहीं, पारस एचईसी हॉस्पिटल के फैसेलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि पारस हेल्थ झारखंड के लोगों तक अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी प्रोग्राम की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि रोबोटिक तकनीक की मदद से जटिल सर्जरी अधिक सटीकता के साथ करने में सहायता मिलेगी और मरीजों की रिकवरी तेज हो सकती है। साथ ही अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि कम होने की संभावना भी रहती है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अमरेंद्र कुमार, डॉ. अभिनव शेखर, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. अमित कुमार समेत अस्पताल के कई चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।
