
रांची। जेपीएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले में रांची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने करीब 100 लोगों को नामजद करते हुए 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने, पथराव तथा अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का दावा है कि पथराव की घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
वहीं, 8 अगस्त को एबीवीपी झारखंड की ओर से निकाले गए मार्च को लेकर लालपुर थाना में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की शिकायत के अनुसार, मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया और पुलिस के काम में बाधा डाली।

इधर, सोमवार को मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान हिरासत में लिए गए भाजपा के करीब 102 नेताओं और कार्यकर्ताओं को पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है। उपलब्ध वीडियो फुटेज, अन्य साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।