छात्रों का आंदोलन जारी, 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी

Spread the love

रांची: 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के बाद भी छात्रों का आंदोलन जारी है। हालांकि धरनास्थल पर छात्रों की संख्या में कमी आई है, लेकिन आंदोलन को एक बार फिर तेज करने की तैयारी की जा रही है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।


छात्रों के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और 100 से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।


प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्ट
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। कई रास्तों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर आने-जाने वाले मार्ग को भी डायवर्ट किया गया है।


ट्रैफिक डायवर्जन के कारण कचहरी चौक समेत आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। इसका असर कार्यालय, स्कूल और कॉलेज जाने वाले लोगों पर भी पड़ा।


पुलिस और प्रशासन अलर्ट
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।


सादे लिबास में पुलिस और खुफिया विभाग के जवान भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। आंदोलन स्थल और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।


पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।


अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के जरिए कोई समाधान निकलता है या 20 अगस्त को आंदोलन और बड़ा रूप लेता है।

Leave a Reply