खान विधेयक पर झामुमो करेगा अब तक का महा आंदोलन, 20 अगस्त को रांची में अहम बैठक ।

Spread the love

रांची: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। केंद्र सरकार के इस विधेयक के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी में जुट गया है।


आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए झामुमो केंद्रीय समिति की अहम बैठक 20 अगस्त को रांची में होने वाली है। बैठक में विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन का रोडमैप तैयार किया जाएगा।


झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 12 अगस्त को लोकसभा और 13 अगस्त को राज्यसभा से पारित हो चुका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार की मंशा और अधिक स्पष्ट होगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। राज्य के हितों को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रावधान का पार्टी की ओर से विरोध किया जाएगा।

भाजपा सांसदों की चुप्पी पर भी सवाल
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड के भाजपा सांसदों की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब झारखंड के हितों को प्रभावित करने वाला यह विधेयक संसद में पेश किया जा रहा था, तब भाजपा सांसदों ने इसका विरोध क्यों नहीं किया।


अब झामुमो इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की तैयारी कर रहा है। 20 अगस्त की केंद्रीय समिति की बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति पर महत्वपूर्ण फैसला होने की संभावना है।

Leave a Reply