रांची में असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 50 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी

Spread the love

रांची, 29 अगस्त 2026: राजधानी रांची में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, खुले में शराब पीने, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार शाम बड़ा विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक संवेदनशील और रणनीतिक स्थानों पर एक साथ सघन जांच अभियान चलाया।


अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, खुले मैदानों, सुनसान इलाकों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और शराब दुकानों के आसपास पुलिस ने विशेष निगरानी और जांच की।


इन इलाकों में हुई विशेष जांच
रांची पुलिस की टीमों ने फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, OTC ग्राउंड, DIG ग्राउंड, मोराबादी मैदान परिसर समेत कई प्रमुख स्थानों पर जांच की। इसके अलावा धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड से जुड़े सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और अंधेरे वाले संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस की टीमों ने सघन चेकिंग की।


शराब दुकानों के आसपास स्थित ढाबों, गुमटियों और नुक्कड़ पर भी विशेष निगरानी रखी गई, जहां खुले में शराब पीने या उपद्रव की आशंका रहती है।


100 से अधिक लोगों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान खुले में शराब पीने, संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने और हुड़दंग करने वाले 100 से अधिक लोगों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस के अनुसार, इन सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त चेतावनी और हिदायत देकर छोड़ा गया। साथ ही उनके नाम-पते पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज किए गए हैं।


पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा रियल-टाइम में की गई। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्वयं मौके पर मौजूद रहे और थाना प्रभारियों तथा सशस्त्र पुलिस बल के साथ अभियान का नेतृत्व किया।

महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा पर जोर
रांची पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों, मनचलों और आदतन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। साथ ही खुले में नशाखोरी, फब्तियां कसने, उपद्रव और सड़क पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाकर शहर में सुरक्षित और भयमुक्त माहौल तैयार करना है।


पुलिस की आम लोगों से अपील
रांची पुलिस ने आम लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि, उपद्रव या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने को दी जाए।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply