
पोड़ैयाहाट, गोड्डा | 11 सितंबर 2026। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का गोड्डा जिले में व्यापक असर देखने को मिला। ग्रामीण बैंक समेत सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप रहा, जिससे जिले में अरबों रुपये के बैंकिंग कारोबार के प्रभावित होने का अनुमान है।
झारखंड ग्रामीण बैंक के गोड्डा क्षेत्र की सभी 53 शाखाओं और क्षेत्रीय कार्यालय में भी कामकाज बंद रहा। हड़ताल के दौरान बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त बैंककर्मियों ने शाखाओं एवं क्षेत्रीय कार्यालय के सामने एकजुट होकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
इस दौरान झारखंड ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ के कोषाध्यक्ष बमबम चौधरी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव नितेश मिश्रा के नेतृत्व में कई कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए।

बैंक अधिकारी बमबम चौधरी ने कहा कि बैंककर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस लागू करना, भेदभावपूर्ण PLI व्यवस्था वापस लेना और अन्य लंबित मुद्दों का समाधान शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि UFBU के आह्वान और AIRRBEA के समर्थन पर सितंबर में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है।
बैंककर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए आंदोलन को सफल बनाने और आगे भी एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।