सुदेश महतो ने अमित शाह से की मुलाकात, कुड़मी को ST दर्जा देने समेत झारखंड के कई मुद्दे उठाए

Spread the love

नई दिल्ली, 11 सितंबर 2026। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति यानी ST का दर्जा देने की मांग सहित झारखंड से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की और गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन मामलों की CBI और ED से जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में 39 परीक्षाओं को जांच के दायरे में लाने और 6 परीक्षाओं को राज्य सरकार द्वारा स्थगित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।


सुदेश महतो ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य से जुड़ी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।

वहीं, उन्होंने कुड़मी समुदाय को ST का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग को भी केंद्रीय गृह मंत्री के सामने रखा। इसके अलावा कुड़माली, कुड़ुख और मुंडारी जैसी झारखंड की स्थानीय भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने का अनुरोध किया।

सुदेश महतो ने खनिज प्रभावित परिवारों के हित में झारखंड में Mineral Bearing Land Cess लगाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इससे प्राप्त राशि का उपयोग केवल खनन प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए किया जाना चाहिए।

इसके साथ ही DMF यानी District Mineral Foundation फंड के उपयोग में कथित अनियमितताओं और घोटाले की CBI जांच कराने की मांग भी केंद्रीय गृह मंत्री से की गई।

सुदेश महतो ने केंद्र सरकार से झारखंड से जुड़े इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Leave a Reply