करम पूजा में DJ पर रोक की अपील, ढोल-मांदर के साथ मनाने का आह्वान

Spread the love

रांची। केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय कार्यालय, 13 आरआईटी बिल्डिंग, कचहरी परिसर रांची में 19 सितंबर 2026 को करम पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने की।


बैठक में करम पूजा को पारंपरिक रीति-रिवाज और संस्कृति के अनुरूप मनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि करम पूजा गांव-मौजा के पाहन-पुजार की अगुवाई में गांव के अखड़ा में ही पारंपरिक तरीके से की जानी चाहिए।


उन्होंने कहा कि पूजा में महिलाएं पारंपरिक लाल पाड़ साड़ी तथा पुरुष धोती-गंजी पहनकर शामिल हों। साथ ही करम पूजा के दौरान डीजे का प्रयोग नहीं करने और पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल, नगाड़ा और मांदर के साथ नृत्य-संगीत करने की अपील की गई।


केंद्रीय सरना समिति की ओर से यह भी कहा गया कि करम पूजा से पहले आयोजित होने वाले किसी भी कार्यक्रम में जावा फूल और करम डाल का प्रयोग नहीं किया जाए।
बैठक में केंद्रीय सरना समिति के संरक्षक भुवनेश्वर लोहरा, महासचिव संजय तिर्की, प्रमोद एक्का, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के विमल कच्छप, सत्यनारायण लकड़ा, सोहन कच्छप समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply