
रांची: आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कलकत्ता पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्लाइड और पीपीटी के माध्यम से आयुर्वेद के विभिन्न आयामों और इसके महत्व की जानकारी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ साझा की।

कार्यक्रम के दौरान लकी शिप्रा और कोमल ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से महर्षि धन्वंतरि और चरक के योगदान के साथ-साथ आयुर्वेद में दवा निर्माण, शल्य चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक चिकित्सा, नवजात शिशु चिकित्सा और स्त्री रोग चिकित्सा जैसी विभिन्न पद्धतियों के बारे में जानकारी दी।
छात्राओं ने औषधीय पौधों के महत्व को भी विस्तार से बताया। प्रस्तुति के दौरान तुलसी, अर्जुन, पीपल, एलोवेरा, पत्थरचट्टा, लेमनग्रास और नीम समेत कई औषधीय पौधों को विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामने प्रदर्शित किया गया। इन पौधों के औषधीय गुणों और दैनिक जीवन में उनकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई।

प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि आयुर्वेद में औषधीय पौधों का विशेष महत्व है। साथ ही योग और प्राणायाम को भी स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में तुलसी, एलोवेरा, पत्थरचट्टा, लेमनग्रास, पीपल, अर्जुन, नीम और अमरूद सहित विभिन्न औषधीय गुणों वाले पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
