
रांची: राजधानी रांची में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में इस बार अलग-अलग थीम के जरिए श्रद्धालुओं को आकर्षित करने की तैयारी है। इसी कड़ी में आरआर स्पोर्टिंग क्लब की ओर से रातू रोड में इस वर्ष ‘टेंपल ऑफ टुगेदर’ थीम पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष पंडाल को एक नए कीर्तिमान के रूप में स्थापित करने की तैयारी है। पंडाल के निर्माण में लकड़ी और बांस का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरआर स्पोर्टिंग क्लब के मुख्य संरक्षक विक्की यादव ने बताया कि पश्चिम बंगाल के काठाई और हल्दिया से आए कारीगर पंडाल और मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

इस पंडाल की खास बात यह होगी कि यहां भगवान श्रीकृष्ण की करीब 40 फीट ऊंची प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन से जुड़े लोगों के मुताबिक, पंडाल और प्रतिमा के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।

आरआर स्पोर्टिंग क्लब की दुर्गापूजा का इतिहास भी काफी पुराना है। आयोजकों के अनुसार, यहां पिछले 54 वर्षों से लगातार दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की पूजा की जाएगी।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को पंडाल के साथ-साथ आकर्षक विद्युत सज्जा भी देखने को मिलेगी। वहीं, पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध चंदननगर की विद्युत सज्जा को पूजा पंडाल का मुख्य आकर्षण बनाने की तैयारी है।
आयोजकों के मुताबिक, पूजा के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक और आकर्षक सजावट के साथ भव्य पूजा का अनुभव मिलेगा।
