
रांची के चान्हो प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक गरीब विधवा महिला का घर गिर गया। घटना 26 सितंबर 2026 की अहले सुबह ग्राम नुन्हु डहुटोली, पंचायत चोरेया की है।
जानकारी के अनुसार, रेणु मुंडा का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण अचानक गिर गया। रेणु मुंडा के पति का पहले ही निधन हो चुका है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके सामने अब घर की मरम्मत कराने या नया आशियाना बनाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
घर गिरने के बाद महिला के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित महिला की स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही, महिला के लिए आवास की व्यवस्था कराने की भी अपील की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच जरूरतमंद परिवारों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।