
रांची। RKDF University, Ranchi के School of Law में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सीनियर और सुपर सीनियर विद्यार्थियों ने नए विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और कैंपस लाइफ से परिचित कराया।

कार्यक्रम में हाईकोर्ट और लोअर कोर्ट के अधिवक्ताओं ने शिरकत की। अधिवक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ न्यायालय की कार्यप्रणाली और विधि के व्यावहारिक पहलुओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कानून के क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ, तार्किक क्षमता, प्रभावी संवाद और पेशेवर नैतिकता भी बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की चांसलर डॉ. साधना कपूर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कानून की पढ़ाई को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने की सलाह देते हुए अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में वाइस चांसलर, प्रो वाइस चांसलर, रजिस्ट्रार, डीन एकेडमिक, डीन एवं स्कूल ऑफ लॉ के एचओडी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमों, अनुशासन, शैक्षणिक गतिविधियों और पेशेवर आचरण की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सीनियर और सुपर सीनियर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नए विद्यार्थियों को पढ़ाई और कैंपस लाइफ से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को खास बना दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों को विधि शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों, व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए विधि शिक्षा की नई यात्रा की शुरुआत के साथ उनके भविष्य के पेशेवर जीवन की तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
