
जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के पखवाड़े के तहत भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से साकची में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहिया को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेविकाओं और सहिया को शॉल ओढ़ाकर तथा उपहार देकर उनके कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ताजदार आलम ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहिया के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह से वे आंगनबाड़ी केंद्रों में अपनी सेवाएं दे रही हैं और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने सेविकाओं और सहिया के सेवा कार्यों को नमन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सभागार में आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले करीब 40 छोटे बच्चे और उनकी माताएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच चॉकलेट और केक का वितरण किया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहिया का उत्साहवर्धन करना और उनके योगदान को सम्मान देना था।

कार्यक्रम में प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ताजदार आलम, रॉकी सिंह, भाजपा नेता जोगिंदर सिंह, सरायकेला जिले से अब्दुल जबार खान, साकची मंडल की लकी कौर, महिला मोर्चा साकची मंडल की ममता दास, भाजपा नेत्री अनीता कौर समेत बस्ती की कई महिलाएं मौजूद रहीं।
इस दौरान सरिता कुमारी, पूजा कुमारी, अन्नू प्रिया और मंजू कुमारी को शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रॉकी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लकी कौर ने किया।
