
रांची: राजधानी रांची के जे.एस.सी.ए. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे T20 क्रिकेट मैच का आयोजन होना है। मैच को लेकर रांची पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में 5 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, श्री मनोज कौशिक ने जे.एस.सी.ए. स्टेडियम और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री राकेश सिंह, जे.एस.सी.ए. के अध्यक्ष एवं सचिव समेत अन्य महत्वपूर्ण सदस्य और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान स्टेडियम एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के प्रवेश और निकास, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शकों की सुरक्षा, खिलाड़ियों एवं टीमों की सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
इसके अलावा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मैच के दौरान मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया।
रांची पुलिस की ओर से बताया गया कि मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य सभी संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
रांची पुलिस ने आम नागरिकों और क्रिकेट दर्शकों से अपील की है कि वे मैच के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
