रांची में 1.86 लाख पेंशनधारियों को सितंबर की पेंशन जारी, 18.66 करोड़ रुपये DBT से ट्रांसफर

Spread the love

रांची। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार प्रथम चरण में जिले के 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई है।

प्रत्येक लाभुक के खाते में 1,000 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई है। इस तरह कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये की राशि लाभुकों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है।

यह भुगतान मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना और मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (ट्रांसजेंडर) के तहत किया गया है।

किस योजना में कितने लाभुक?

सितंबर महीने में सर्वजन पेंशन योजना के तहत लाभुकों की संख्या इस प्रकार है—

– मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना: 1,85,894 लाभुक
– मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना: 318 लाभुक
– मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना: 454 लाभुक
– मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (ट्रांसजेंडर): 3 लाभुक

पेंशन नहीं मिली तो आधार सीडिंग कराना जरूरी

जिला प्रशासन ने बताया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में सितंबर महीने की पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है। आधार सीडिंग पूरी होने के बाद ही योजना का लाभ लगातार मिल सकेगा।

प्रशासन ने पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की स्थिति की जांच कराएं, ताकि भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो।

जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर: 9430328080

Leave a Reply