
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव सह आयोजन समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने गुरुवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पूजा सिंघल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का आयोजन भव्य, व्यवस्थित और आकर्षक तरीके से किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।

17 से 27 नवंबर तक मनाया जा रहा स्थापना दिवस पखवाड़ा
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 17 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक राज्यभर में स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में विशेष थीम पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

प्रदर्शनी में तीन प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है। इनमें वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट यानी एक जिला, एक उत्पाद; वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन यानी एक जिला, एक पर्यटन स्थल और वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी यानी एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि शामिल हैं।

झारखंड की पहचान और संभावनाओं को मिलेगा मंच
इस थीम आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से झारखंड के प्रत्येक जिले की खास पहचान, स्थानीय उत्पाद, पर्यटन स्थल और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन की संभावनाओं और आर्थिक क्षमताओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।

इस संबंध में सभी जिलों के उपायुक्तों को आकर्षक, प्रभावशाली और सूचनात्मक प्रदर्शनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन के माध्यम से ‘एक जिला-एक पहचान’ की अवधारणा को भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उद्योग, ग्रामीण विकास, पर्यटन, संस्कृति, खादी बोर्ड, सूचना प्रौद्योगिकी और विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूजा सिंघल ने सभी अधिकारियों से मिलकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन झारखंड की प्रगति, संस्कृति और संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाला गौरवपूर्ण अवसर बनना चाहिए।