
रांची: बारिश के मौसम में खुले में ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अदाणी फाउंडेशन ने गुरुवार को रांची स्थित पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय परिसर में छातों का वितरण किया। यह कार्यक्रम सिटीजन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य बारिश के दौरान भी यातायात पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना है, ताकि वे विपरीत मौसम में भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
कार्यक्रम में यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक, अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर, वरीय प्रबंधक रणवीर सिंह, सिटीजन फाउंडेशन के हेमंत तिर्की तथा बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में खुले में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह सहयोग बेहद उपयोगी साबित होगा और इससे उन्हें अपने कार्य के दौरान काफी सुविधा मिलेगी।

वहीं, अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर ने कहा कि अदाणी समूह समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की सेवा का यह प्रयास जारी रहेगा।
