नगरपालिका निर्वाचन 2026 के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार: उपायुक्त रांची

Spread the love

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंजूनाथ भजन्त्री, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची की अध्यक्षता में समाहरणालय, रांची स्थित जी-14 सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


इस बैठक में निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के साथ-साथ निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कोषांगों के वरीय/प्रभारी पदाधिकारियों ने भाग लिया।


नाम निर्देशन एवं निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री, नामांकन प्रक्रिया तथा निर्वाचन से संबंधित सभी कोषांगों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य की सतत एवं बारीकी से निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी स्तर पर त्रुटि या लापरवाही की संभावना न रहे।


राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड द्वारा निर्गत सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन किया जाए।


उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कोषांगों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निर्वाचन कोषांगों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में मतगणना स्थल की तैयारियों सहित निम्नलिखित कोषांगों से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई—


निर्वाचन कोषांग
कार्मिक कोषांग
मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग
सामग्री एवं परिवहन कोषांग
विधि-व्यवस्था सह आदर्श आचार संहिता कोषांग
हेल्पलाइन एवं जनशिकायत कोषांग
प्रेक्षक, प्रशिक्षण एवं मीडिया कोषांग
निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग
सूचना प्रौद्योगिकी एवं नियंत्रण कोषांग


सभी कोषांगों को निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूरी तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन की अपील


जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची ने सभी पदाधिकारियों से निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु समन्वय, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply